विधायक बैजनाथ एवं एचआरटीसी उपाध्यक्ष ने बसों में आगजनी की घटना स्थल का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पहली नज़र ब्यूरो बैजनाथ

हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने आज बैजनाथ में गत रात्रि हुई बसों में आगजनी की घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विधायक बैजनाथ किशोरी लाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।गौरतलब है कि बीती रात्रि आई.टी.आई. बैजनाथ के समीप दो बसें अचानक आग की चपेट में आ गईं, जिनमें हिमाचल पथ परिवहन निगम (एच.आर.टी.सी.) की एक बस एवं चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट की एक बस शामिल थी। उपाध्यक्ष अजय वर्मा एवं विधायक किशोरी लाल ने मौके पर पहुंचकर जली हुई बसों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस विभाग को घटना की गहन जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने कहा कि निगम की संपत्ति प्रदेश की जनता की संपत्ति है और इसकी सुरक्षा के लिए सभी स्तरों पर पूर्ण सजगता बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को बस अड्डों एवं पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने तथा रात के समय नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने भी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है और समाज एवं प्रदेश की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विधायक ने प्रशासन को जांच में तेजी लाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए जाएंगे एवं जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। इस दौरान उपाध्यक्ष अजय वर्मा एवं विधायक किशोरी लाल ने बैजनाथ में नव-निर्माणाधीन बस अड्डे का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को शेष कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि इसे जनता की सुविधा के लिए जल्द समर्पित किया जा सके।

इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रविंदर राव,अधिशाषी अभियंता जलशक्ति राहुल धीमान, नगर परिषद बैजनाथ पपरोला के कार्यकारी अधिकारी चमन लाल कपूर, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़ एवं कार्तिक राणा सहित स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग, परिवहन निगम के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pehali Nazar
Author: Pehali Nazar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles

error: Content is protected !!