पहली नज़र ब्यूरो कांगड़ा
अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय तकीपुर में रोवर-रेन्जर इकाई एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में “प्लास्टिक मुक्त भारत” रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर की सफाई अभियान चलाया तथा गाँव तकीपुर के निवासियों में कपड़े के थैले वितरित किए, जिससे लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “प्लास्टिक हटाओ धरती बचाओ”, “स्वच्छ भारत का सपना–प्लास्टिक मुक्त हो अपना” जैसे नारे लगाए और जागरूकता पोस्टर प्रदर्शित किए। यह आयोजन भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्थापना दिवस के अवसर पर मनाया गया, जिसके माध्यम से रोवर और रेन्जर्स ने समाज सेवा का संदेश दिया तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु इको क्लब के साथ मिलकर पर्यावरण-हितैषी भावना को सशक्त किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. गिल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि,
“इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में स्काउट गाइड आंदोलन के मूल उद्देश्य को समझाना और युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।”
इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. अजय चौधरी, प्रो. सुनील, प्रो. प्रीति बाला एवं प्रो. मेधा शर्मा उपस्थित रहे।
रैली का समापन “स्वच्छता ही सेवा है” के संदेश के साथ हुआ।









